रोमिला थापर विख्यात भारतीय इतिहासकार हैं, तथा इनके अध्ययन का मुख्य विषय प्राचीन भारतीय इतिहास रहा है।
रोमिला थापर | |
---|---|
जन्म | 30 नवम्बर 1931 लखनऊ, ब्रिटिश भारत |
राष्ट्रीयता | भारतीय |
शिक्षा की जगह | पंजाब विश्वविद्यालय स्कूल ऑफ़ ओरिएण्टल एंड अफ्रीकन स्टडीज, लंदन विश्वविद्यालय |
पेशा | इतिहासकार |
प्रसिद्धि का कारण | प्राचीन भारत पर अपने कार्य के लिए |
रोमिला थापर का जन्म ३० नवम्बर १९३१ को लखनऊ में एक संपन्न पंजाबी परिवार में हुआ था। पंजाब विश्वविद्यालय से स्नातक करने के बाद, इन्होनें लंदन विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ़ ओरिएण्टल एंड अफ्रीकन स्टडीज से ए. एल. बाशम के मार्गदर्शन में १९५८ में पीएचडी की उपाधि अर्जित की। इन्होंने अध्यापन की शुरुआत पंजाब विश्वविद्यालय से की 1963 में दिल्ली विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में रीडर के रूप में नियुक्त हुई तथा 1970 में जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय में प्राचीन भारतीय इतिहास की विशेषज्ञ प्रोफेसर बनीं तथा 1993 में सेवानिवृत्ति के बाद से वहीं प्रोफेसर एमेरिट्स के पद पर भी उन्होंने कार्य किया।
रोमिला थापर का लेखन कार्य मुख्यतः प्राचीन भारत के इतिहास पर केन्द्रित रहा है। उन्होंने भारत के प्राचीन इतिहास को एक नयी दृष्टि से देखा है और प्राच्यवादी निरंकुशता, आर्य प्रजाति और अशोक की अहिंसा संबंधी स्थापित मान्यताओं का खंडन करते हुए अनुसंधान का दायरा विकसित किया है। विशेषतः सम्राट अशोक के काल पर उन्होंने विस्तार से विचार किया है। उनके कार्य सामाजिक इतिहास के क्षेत्र में अग्रगण्य रहे हैं। आगे चलकर उन्होंने संस्कृति, समाज एवं इतिहास के बीच कड़ियों का पता लगाया। उन्होंने इसका भी अन्वेषण किया कि इतिहास कैसे बनते और प्रस्तुत किये जाते हैं। अपने लेखन से उन्होंने सचेत किया है कि राजनीतिक लाभ के लिए इतिहास की गलत व्याख्या न की जाय। उन्होंने राजनीति में धर्मनिरपेक्षता की आवश्यकता पर बल दिया है।
रोमिला थापर कॉर्नेल विश्वविद्यालय, पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय और पेरिस में कॉलेज डी फ्रांस में विजिटिंग प्रोफेसर रही हैं। वे 1983 में भारतीय इतिहास कांग्रेस की जनरल प्रेसिडेंट और 1999 में ब्रिटिश अकादमी की कोर्रेस्पोंडिंग फेलो चुनी गयीं।
रोमिला थापर को अनेक पुरस्कार एवं सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें सन् 1993 में परेदेनिया विश्वविद्यालय (श्रीलंका) से, सन् 1993 में शिकागो विश्वविद्यालय से, सन् 2001 में इंस्टिट्यूट नेशनल डेस लैंग्स एट सिविलाइजेशंस ओरिएंटल (पेरिस) से और सन् 2002 में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से मानद उपाधियाँ प्रदान की गयीं। सन् 1997 में उन्हें फुकोका सांस्कृतिक पुरस्कार दिया गया था।
This article uses material from the Wikipedia हिन्दी article रोमिला थापर, which is released under the Creative Commons Attribution-ShareAlike 3.0 license ("CC BY-SA 3.0"); additional terms may apply (view authors). उपलब्ध सामग्री CC BY-SA 4.0 के अधीन है जब तक अलग से उल्लेख ना किया गया हो। Images, videos and audio are available under their respective licenses.
®Wikipedia is a registered trademark of the Wiki Foundation, Inc. Wiki हिन्दी (DUHOCTRUNGQUOC.VN) is an independent company and has no affiliation with Wiki Foundation.